रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ राजधानी रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट डेंटल कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने दंत चिकित्सा और दांतों की देखभाल से जुड़े उपयोगी उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही डेंटल एसोसिएशन की वार्षिक स्मारिका का विमोचन भी किया।
स्वास्थ्य सेवाओं को किया सुदृढ़
सीएम साय ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रदेश की 3 करोड़ जनता के आरोग्य के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने हम संकल्पित है। पिछले 20 महीनों में प्रदेश की स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करते हुए दुर्गम अंचलों तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने का कार्य हमारी सरकार ने किया है।
सीएम साय ने आगे कहा कि दंत चिकित्सा के क्षेत्र में यह कॉन्फ्रेंस ज्ञान, अनुभव और नवाचार के आदान-प्रदान का एक उत्कृष्ट मंच सिद्ध होगी, जो दंत स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाएगा।
