रायपुर। राजधानी रायपुर में भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे व पूर्व सांसद दिनेश कश्यप पुत्र, निखिल कश्यप की मौत हो गई है। हादसा नवा रायपुर में डिवाइडर से बाइक टकराने से हुआ। हादसे में निखिल बुरी तरह घायल हो गए थे और अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया।
बुलेट डिवाइडर से टकराई
यह पूरा मामला जिले के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है। जहां,वनमंत्री केदार कश्यप के भतीजे अपने किसी साथी के साथ बुलेट में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि निखिल कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया। जहां, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीएम साय ने दी श्रद्धांजलि
सीएम साय ने निखिल कश्यप को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे एवं पूर्व सांसद दिनेश कश्यप के सुपुत्र, निखिल कश्यप की सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दु:खद एवं पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल कश्यप परिवार को इस दु:ख की घड़ी में संबल प्रदान करें। ॐ शांति!
