संवरेगा छग के युवाओं का भविष्य, अरुण साव ने 1017 सीटर नए नालंदा परिसर का किया भूमिपूजन

रायपुर। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज बसंत पंचमी के दिन रायपुर में नए नालंदा परिसर का भूमिपूजन किया। एनआईटी के सामने जीई रोड के किनारे 21 करोड़ 7 लाख रुपए की लागत से इस 1017 सीटर नालंदा परिसर फेज-2 का निर्माण किया जा रहा है। इससे शहर में उच्च शिक्षा हासिल कर रहे तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को तैयारी का अच्छा माहौल मिलेगा। उन्हें ऑनलाइन तथा ऑफलाइन लाइब्रेरी के साथ ही अच्छी गुणवत्ता की अध्ययन सामग्री भी मिल सकेगी। वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप, विधायकगण राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा तथा रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे भी भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुईं।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को बसंत पंचमी की बधाई दी। उन्होंने भारतमाता के वीर सपूत नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर फेज-2 में आने वाले विद्यार्थियो को माता सरस्वती की कृपा प्राप्त होगी। श्री साव ने कहा कि नालंदा परिसर फेज-2 इस बात का उदाहरण है कि श्री विष्णु देव साय की सरकार युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए सभी संसाधन मुहैया कराने के लिए तत्पर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्तमान में संचालित नालंदा परिसर की तरह ही यह नया परिसर भी युवाओं के लिए बहुत लाभप्रद होगा और यहां अध्ययन करने वाले युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का नया इतिहास गढ़ेंगे। श्री साव ने कार्यक्रम में पीएम स्वनिधि के हितग्राहियों को चेक भी वितरित किए।

वन एवं पर्यावरण तथा रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि आज बसंत पंचमी के शुभ और पावन अवसर पर राज्य सरकार की ओर से राजधानीवासियों को शानदार सौगात मिल रही है। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव के नेतृत्व में तथा स्थानीय विधायक श्री राजेश मूणत की लगातार कोशिशों के परिणाम शहर को मिल रहे हैं। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री राजेश मूणत ने नालंदा परिसर फेज-2 के निर्माण के लिए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस एजुकेशन हब में हम शिक्षा का विकास करने का संकल्प पूरा करेंगे। यहां चारों ओर शिक्षण संस्थाएं हैं। पिछले दो सालों में रायपुर शहर सहित पूरे छत्तीसगढ़ का अच्छा विकास हुआ है। निर्माण और विकास के कार्यों में तेजी आई है।

रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि यह जगह शहर का हृदय स्थल है और यहां चारों ओर बड़ी शिक्षण संस्थाएं हैं। इन संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के साथ ही प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को नए नालंदा परिसर का भरपूर लाभ मिलेगा। यह उनके कैरियर के निर्माण में बहुत उपयोगी साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *