‘न गंदगी करेंगे, न करने देंगे…’, छत्तीसगढ़ को स्वच्छता सर्वेक्षण में मिले 7 राष्ट्रीय पुरस्कार, सीएम साय ने दी बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 7 नगरीय निकायों को स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में सम्मानित किया गया है। जिसको लेकर सीएम विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि आज विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी ने नगर निगम बिलासपुर, नगर पालिका कुम्हारी और नगर पंचायत बिल्हा को ‘राष्ट्रपति पुरस्कार’ से सम्मानित किया।

अरुण साव ने पुरस्कार ग्रहण किया

वहीं रायपुर नगर निगम को केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा ‘मंत्रालय पुरस्कार’ प्राप्त हुआ है। इसके अलावा नगर निगम अंबिकापुर, नगर पंचायत पाटन और नगर पंचायत बिश्रामपुर ने सुपर स्वच्छता लीग 2024 में अपनी उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज कराई है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। इस अवसर पर केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू जी उपस्थित रहे।

यह सफलता छत्तीसगढ़ की जनता के सहभागिता भाव, हमारे सफाई मित्रों की सतत मेहनत और स्वच्छता के प्रति सभी नागरिकों के समर्पण का परिणाम है। हर नगर की यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को गति देने वाली है और उनके संकल्प ‘न गंदगी करेंगे, न करने देंगे’ को सच्चे अर्थों में धरातल पर उतारने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।

आइए, हम सब मिलकर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ छत्तीसगढ़ के संकल्प को और भी मजबूती से आगे बढ़ाएं। जय छत्तीसगढ़।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *