बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक विवाहिता ने दहेज प्रताड़ना से तंग आकर छत से कूदकर अपनी जान दे दी है। मरने से पहले पीड़िता ने एक सुसाइड नोट भी लिखा है। जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार ससुराल पक्ष के लोगों को ठहराया है।
छत से कूदकर दे दी अपनी जान
बताया जा रहा है कि तकरीबन 12 साल पहले बस्तर जिले करपावंड निवासी सत्येंद्र गुप्ता से बिहार निवासी सृष्टि उर्फ प्रिया गुप्ता की शादी हुई थी। शादी के कुछ साल अच्छे से गुजरे लेकिन बाद में ससुराल वालों ने अपना असली रंग दिखाना शूरू कर दिया। आरोप है कि सृष्टि को पति सत्येंद्र गुप्ता और उसका परिवार दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करता था। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके बुरी तरह पीटा। जिसके बाद उसने छत से कूदकर अपनी जान दे दी।
छानबीन में जुटी पुलिस
सृष्टि के पिता ने करपावंड थाने में एफआईआर दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने सृष्टि के पति सत्येंद्र गुप्ता को अरेस्ट करके जेल भेज दिया है। आरोप है कि सृष्टि की मौत से पहले उसके जेठ और सास ने वस्त्रहीन करके उसे बुरी तरह पीटा था। मृतिका ने सुसाइड नोट में अपना दर्द बयां किया है।
